
हरिद्वार। हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की 85वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय एवं प्राधिकरण अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष एचआरडीए सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की।
बैठक में हरिद्वार के जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी, सचिव वित्त, सचिव सिंचाई विभाग, सचिव तीर्थाटन एवं पर्यटन, सचिव जल निगम, मुख्य ग्राम एवं नगर नियोजक उत्तराखंड, देहरादून तथा प्रमुख सचिव आवास विभाग उत्तराखंड शासन के प्रतिनिधि ऑनलाइन जुड़े। इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार और अध्यक्ष नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत सचिव एचआरडीए मनीष सिंह द्वारा आगंतुकों के स्वागत के साथ हुई। अध्यक्ष की अनुमति से कार्यवाही प्रारंभ की गई। बोर्ड बैठक में विगत बैठक की पुष्टि एवं अनुपालन सहित कुल आठ प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान हरिद्वार महायोजना-2041 एवं रूड़की महायोजना-2041 पर अब तक हुई प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतिकरण मुख्य ग्राम एवं नगर नियोजक उत्तराखंड द्वारा बोर्ड के समक्ष रखा गया। योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के सुनियोजित विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की दिशा तय करने पर चर्चा की गई।
अंत में उपाध्यक्ष एचआरडीए ने बोर्ड अध्यक्ष सहित समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त किया, जिसके साथ बैठक का समापन हुआ।






