February 17, 2026

 

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

हरिद्वार। 7 मार्च को ‘धामी पार्ट-2’ सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बड़े आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सरकार इस मौके पर सभी विभागों के कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों की प्रदर्शनी लगाने की तैयारी कर रही है। साथ ही एक विशाल सहकारिता सम्मेलन आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें प्रदेशभर से सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।

बैरागी कैंप में तैयारियां तेज
प्रस्तावित आयोजन स्थल बैरागी कैंप क्षेत्र में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपम सेठ (डीजीपी), गृह सचिव शैलेश बगोली, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी तथा एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच व्यवस्था, जनसभा क्षेत्र और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विस्तृत प्लान तैयार किया। इवेंट मैनेजमेंट टीम के साथ समन्वय कर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

चूंकि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी रहेगी, इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से सुरक्षा प्लान तैयार कर रहे हैं।

सरकार की कोशिश है कि यह आयोजन न केवल राजनीतिक दृष्टि से बल्कि विकास कार्यों की प्रस्तुति और सहकारिता मॉडल के प्रचार-प्रसार के लिहाज से भी ऐतिहासिक बने।

7 मार्च को हरिद्वार में होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश की सियासत और प्रशासनिक सक्रियता के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *