May 14, 2026

 

अमित श्रीवास्तव, देहरादून

अल्मोड़ा। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि जनपद अल्मोड़ा में आमजन के स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) अल्मोड़ा द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत बसोली, ताकुला सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित औषधि प्रतिष्ठानों एवं मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित फर्मों के अभिलेखों, औषधियों के भंडारण, क्रय-विक्रय विवरण, लाइसेंस संबंधी अभिलेखों एवं औषधियों की गुणवत्ता से संबंधित मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के समय कुछ प्रतिष्ठानों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

जनस्वास्थ्य एवं सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए एक फर्म के औषधि लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति की गई है। इसके अतिरिक्त दो फर्मों की बिक्री एवं क्रय गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की संभावित स्वास्थ्य संबंधी जोखिम की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

निरीक्षण के दौरान संदेहास्पद गुणवत्ता वाली औषधियों के दो नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित कर विधिवत राजकीय प्रयोगशाला भेजे जायेंगे । जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन अल्मोड़ा द्वारा सभी औषधि विक्रेताओं एवं संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया है कि वे औषधियों के भंडारण, विक्रय एवं अभिलेखों के रखरखाव में निर्धारित मानकों एवं नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *