
बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में जनपद बागेश्वर में आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकानुसार औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज औषधि निरीक्षक, बागेश्वर, पूजा रानी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार, बिलौना, बागेश्वर का औचक निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 तथा औषधि एवं सौन्दर्य प्रसाधन नियमावली, 1945 के प्रावधानों के अंतर्गत औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण, गुणवत्ता संरक्षण, अभिलेख संधारण तथा नियामकीय अनुपालन के सत्यापन हेतु संपन्न किया गया।
निरीक्षण के दौरान औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, कोल्ड-चेन औषधियों के रख-रखाव, स्टॉक रजिस्टर एवं निर्गमन अभिलेखों का संधारण, बैच विवरण, एक्सपायरी प्रबंधन, फेफो (फर्स्ट एक्सपायरी फर्स्ट आउट) सिद्धांत के अनुपालन, रैकिंग प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था तथा गुड स्टोरेज प्रैक्टिसस (जीएसपी) के अनुपालन का विस्तृत सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों की औषधियों के कुल 10 वैधानिक नमूने (स्टेटटरी ड्रग सैम्पल्स ) निर्धारित विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें विश्लेषणार्थ राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है।
निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय औषधि भंडार के प्रभारी को निर्देशित किया गया कि नारकोटिक एवं मनःप्रभावी (नारकोटिक एंड साइकोटरोपिक ) औषधियों का भंडारण सुरक्षा मानकों के अनुरूप तालाबंद अलमारी में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एक्सपायरी औषधियों को, उपयोग योग्य स्टॉक से तत्काल पृथक कर उनके सुरक्षित निस्तारण तक पृथक एवं तालाबंद एक्सपायरी बॉक्स में सुरक्षित रखा जाए, जिससे उनके अनजाने में निर्गमन अथवा उपयोग की संभावना पूर्णतः समाप्त हो सके।
इसके अतिरिक्त औषधि भंडार में उच्च स्तर की स्वच्छता एवं हाउसकीपिंग बनाए रखने, समस्त औषधियों उपयुक्त रैकों में सुव्यवस्थित ढंग से संग्रहित करने, भंडारण क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा औषधियों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए निर्धारित भंडारण मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी निर्देश प्रदान किए गए।
औषधि निरीक्षक, बागेश्वर, पूजा रानी ने बताया कि जनहित में सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद के समस्त शासकीय एवं निजी औषधि भंडारों तथा औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण एवं औषधियों का गुणवत्ता परीक्षण निरंतर जारी रहेगा।






