
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस में अपनी जिम्मेदारी और विशिष्ट कार्यों से अलग पहचान बनाने वाले हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नवनीत सिंह भुल्लर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उन्हें “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की सूची में उनका चयन विशिष्ट कार्य की श्रेणी में किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के कुल 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। इनमें आठ पुलिसकर्मियों को सेवा के आधार पर और छह को विशिष्ट कार्यों के लिए चुना गया है। इन्हीं चुनिंदा अधिकारियों में एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह का नाम भी शामिल है।
हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जनपद की कमान संभालना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, धार्मिक आयोजनों और भारी भीड़ प्रबंधन जैसी चुनौतियों के बीच एसएसपी नवनीत सिंह को विशिष्ट कार्यों के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मान मिलना हरिद्वार पुलिस के लिए भी गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान बताया है।






