October 21, 2026

 

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी बागेश्वर अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं संबंधित नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से आज पशुपालन विभाग के सीएमएसडी (सेंट्रल मेडिकल स्टोर डिपो) का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध पशुचिकित्सा संबंधी औषधियों के स्टॉक, भंडारण व्यवस्था, औषधियों की गुणवत्ता एवं रखरखाव तथा संबंधित अभिलेखों का विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पशुधन के उपचार में उपयोग की जाने वाली औषधियों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा उनकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन किया जा रहा हो।

निरीक्षण के दौरान औषधियों की गुणवत्ता की जाँच के उद्देश्य से कुल 08 औषधि नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें नियमानुसार गुणवत्ता परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

औषधि प्रशासन द्वारा जनपद में औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, औषधि नमूना संग्रहण तथा संबंधित अभिलेखों के सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार के निरीक्षणों का उद्देश्य औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखना, पशुधन के स्वास्थ्य हितों की रक्षा करना तथा औषधि संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।

प्रशासन द्वारा जनहित एवं पशुधन के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए औषधियों की गुणवत्ता की निगरानी तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन हेतु आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *