November 2, 2026

 

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

बागेश्वर। अपर आयुक्त महोदय, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर, अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में आज औषधि निरीक्षक, बागेश्वर पूजा रानी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, बिलौना, बागेश्वर स्थित केंद्रीय औषधि भंडार (सेंट्रल मेडिकल स्टोर डिपो –सीएमएसडी ) का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय औषधि भंडार में उपलब्ध औषधियों के उचित भंडारण, निर्धारित तापमान एवं आवश्यक भंडारण परिस्थितियों, एक्सपायरी तथा निकट भविष्य में एक्सपायर होने वाली औषधियों के पृथक्करण, औषधियों के रखरखाव एवं स्टॉक की स्थिति का विस्तृत सत्यापन किया गया।

इसके अतिरिक्त औषधियों की प्राप्ति एवं निर्गमन से संबंधित अभिलेखों, स्टॉक रजिस्टर, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि, औषधियों की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया कि भंडार में उपलब्ध औषधियों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है तथा औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कुल 10 औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए। उक्त नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु भेजा जाएगा, जिससे औषधियों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि की जा सके।

औषधि निरीक्षक द्वारा बताया गया कि जनपद में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियाँ उपलब्ध कराना, औषधियों के उचित भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को सुनिश्चित करना तथा औषधि संबंधी नियमों का अनुपालन कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, औषधि भंडारों एवं औषधि प्रतिष्ठानों की निगरानी करने तथा जनस्वास्थ्य के हित में आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निरीक्षण की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *