उधमसिंह नगर। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब थाना नानकमत्ता पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात नशा तस्कर सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, निवासी ग्राम पचपेड़ा भट्टा, को 120.10 ग्राम स्मैक, अवैध तमंचे और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 36 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
रुद्रपुर हाईवे स्थित हरमन सीड्स राइस मिल के सामने उस समय हुई, जब पुलिस गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन देखते ही अचानक झाड़ियों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने भागते-भागते अवैध तमंचा निकाल लिया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
कई मामलों में वांछित था आरोपी, पंजाब में छुपकर रह रहा था
पकड़े गए आरोपी सुखविंदर उर्फ सूखा के खिलाफ थाना नानकमत्ता में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह पंजाब भाग गया था और गिरफ्तारी वाले दिन ही अपने घर लौटा था। पुलिस को देखकर घबराहट में उसने भागने की कोशिश की।
120 ग्राम स्मैक, तमंचा और नकदी बरामद
तलाशी में पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से
120.10 ग्राम स्मैक/हीरोइन
315 बोर का अवैध तमंचा
₹2,500 नकद
एक मोबाइल फोन
बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से सक्रिय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा है।
पूछताछ में कई तस्करों के नाम उजागर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अन्य नशा तस्करों के नाम बताए हैं, जो उत्तराखंड के अन्य जिलों में नशा सप्लाई करते हैं। पुलिस इन नेटवर्क्स की जांच में जुट गई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
थाना प्रभारी नानकमत्ता और चौकी प्रभारी प्रतापपुर की टीम शाम गश्त पर थी। ग्राम सिसईखेड़ा के पास एक व्यक्ति पुलिस वाहन देखकर तेजी से हाईवे से उतरकर झाड़ियों की ओर भागा। संदिग्ध हरकत पर पुलिस ने उसका पीछा किया। हरमन सीड्स राइस मिल के पास चारों ओर से घिरने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।


एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे का धंधा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है और समाज को खोखला बनाता है। ऐसे अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि जिले में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई दोनों को लगातार तेज किया गया है। ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए विशेष अभियान चल रहे हैं।
एसएसपी ने जनता से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही नशामुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है और युवाओं को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है।







