अमित श्रीवास्तव, देहरादून
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) इकाई ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता का प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। आपदा प्रबंधन और जटिल बचाव अभियानों में असाधारण सेवा के लिए अमेरिकी दूतावास ने एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस को विशेष स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है।
यह सम्मान विशेष रूप से उन साहसिक, त्वरित और मानवीय बचाव अभियानों के लिए दिया गया, जिनके तहत उत्तराखंड में पर्यटन के दौरान कठिन एवं विषम परिस्थितियों में फंसे अमेरिकी पर्यटकों सहित अन्य विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में सफल अभियान
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के कुशल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में, बल ने कई दुर्गम और चुनौतीपूर्ण अभियानों का सफलतापूर्वक संचालन किया। इनमें चमोली जनपद के माउंट चौखंबा में फंसी दो विदेशी महिला ट्रैकर्स, बद्रीनाथ क्षेत्रान्तर्गत वसुधारा में फंसे विदेशी ट्रैकर्स, तथा गंगोत्री जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन शामिल हैं। सेनानायक यदुवंशी के प्रभावी समन्वय और मार्गदर्शन के कारण ये सभी ऑपरेशन सुरक्षित, सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से संपन्न हुए।
अमेरिकी दूतावास द्वारा प्रदान किए गए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र को सेनानायक, अर्पण यदुवंशी ने ग्रहण किया। यह सम्मान एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस के समस्त जांबाज कार्मिकों की निष्ठा, परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है, जो हर परिस्थिति में “सेवा, सुरक्षा और समर्पण” के संकल्प के साथ जनसेवा में निरंतर तत्पर रहते हैं।

भौगोलिक रूप से संवेदनशील उत्तराखंड राज्य में, एसडीआरएफ ने पर्वतीय क्षेत्रों, ग्लेशियरों, नदियों और ट्रेकिंग रूट्स पर फंसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए त्वरित निर्णय क्षमता, सटीक रणनीति और संसाधनों के कुशल उपयोग के माध्यम से अनेक जीवन रक्षक कार्य किए हैं। प्रतिकूल मौसम और अत्यंत कठिन परिस्थितियों के बावजूद, एसडीआरएफ कार्मिकों ने अदम्य साहस, अनुशासन एवं उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय दिया है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान न केवल एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस की कार्यकुशलता एवं विश्वसनीयता को दर्शाता है, बल्कि बल की सुदृढ़, मानवीय एवं पेशेवर पहचान को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त करता है। यह उपलब्धि भविष्य में बल के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में और भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।






