February 11, 2026

देहरादून। फैमेक्स (फॅमिलीरिसेशन एक्सरसाइज) कार्यक्रम के अंतर्गत एनडीआरएफ द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सीएसएसआर (कॉलेपज्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू) प्रतियोगिता आयोजित की जानी है। सीएसएसआर प्रतियोगिता का उद्देश्य भूकंप, भवन ध्वस्तीकरण एवं संरचनात्मक ढहाव जैसी आपदाओं के दौरान फंसे व्यक्तियों की खोज एवं सुरक्षित रेस्क्यू हेतु बलों की तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया, टीम वर्क तथा आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का मूल्यांकन करना होता है।

उक्त प्रस्तावित सीएसएसआर प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारी के क्रम में आज एनडीआरएफ की टीम द्वारा एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में संयुक्त अभ्यास (ज्वाइंट एक्सरसाइज) किया गया। अभ्यास के दौरान वास्तविक आपदा परिदृश्यों के अनुरूप विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों, उपकरणों के उपयोग, सर्च पैटर्न, मेडिकल रिस्पॉन्स एवं आपसी समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

फैमेक्स कार्यक्रम आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने एवं उन्हें और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न बलों के बीच आपसी तालमेल, संसाधनों के कुशल उपयोग तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के प्रभावी क्रियान्वयन का आकलन किया जाता है।

संयुक्त अभ्यास के दौरान सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी द्वारा अभ्यास के विभिन्न चरणों का निरीक्षण किया गया एवं टीमों की कार्यकुशलता, अनुशासन तथा समन्वय को बारीकी से देखा गया। इस अवसर पर सहायक सेनानायक आर. एस. धपोला व प्रशिक्षण निरीक्षक प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।

यह संयुक्त अभ्यास भविष्य में आयोजित होने वाली सीएसएसआर प्रतियोगिता एवं वास्तविक आपदा परिस्थितियों में प्रभावी, सुरक्षित एवं त्वरित रेस्क्यू सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *