
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
उत्तरकाशी। जनपद भ्रमण पर आए अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड, डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा जनपद उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग एवं गौमुख ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं पुलिस अभिलेखों का अवलोकन किया गया। इस दौरान धाम पर नियुक्त पुलिस, फायर व एसडीआरएफ कर्मियों को भीड़ एवं यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने, मंदिर में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पार्किंग स्थलों एवं धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी भीड़ नियंत्रण एवं यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से पुलिस द्वारा विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखते हुए उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
गौमुख ट्रैक स्थित पुलिस चौकी भोजवासा पहुंचकर पुलिस चौकी का धरातलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने विपरीत भौगोलिक एवं दुर्गम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध रहने, खाने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा जवानों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
गौमुख ट्रैक जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में विषम परिस्थितियों के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा उनका मनोबल बढ़ाया गया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को ट्रैकिंग पर आने वाले ट्रैकर्स, पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी रेस्पॉन्स के लिए सदैव सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए।
गौमुख ट्रैक पर आवागमन करने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक एवं तीर्थयात्री का पूर्ण विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित करने, आवागमन की नियमित निगरानी रखने तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियों एवं हिदायतों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि चारधाम एवं गौमुख जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर पुलिस व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस कर्मी पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, विरेन्द्र पंवार (एसडीआरएफ) सहित अन्य पुलिस व एसडीआरएफ अधिकारी/कर्मगण मौजूद रहे।






