
बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण एवं नियमानुसार क्रय-विक्रय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कांडा क्षेत्र में औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के ड्रग स्टोर के साथ-साथ कांडा क्षेत्र में संचालित रिटेल एवं होलसेल मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के ड्रग स्टोर में औषधियों के भंडारण की स्थिति, तापमान का रख-रखाव, औषधियों की व्यवस्थित उपलब्धता, एक्सपायरी/निकट-एक्सपायरी औषधियों की स्थिति, स्टॉक एवं संबंधित अभिलेखों, मनः प्रभावी औषधियों का उचित संधारण तथा निर्धारित भंडारण व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। औषधियों की गुणवत्ता की जांच हेतु ड्रग स्टोर से 05 औषधि नमूने नियमानुसार एकत्रित किए गए।
इसके साथ ही कांडा क्षेत्र में स्थित रिटेल एवं होलसेल मेडिकल स्टोर्स का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधि अनुज्ञप्ति, औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, स्टॉक एवं बिल/इनवॉइस, औषधियों के उचित भंडारण, एक्सपायरी/निकट-एक्सपायरी स्टॉक, लेबलिंग, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग एवं वैधानिक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। गुणवत्ता परीक्षण के उद्देश्य से इन मेडिकल स्टोर्स से 05 औषधि नमूने एकत्रित किए गए।
इस प्रकार निरीक्षण कार्रवाई के दौरान कुल 10 औषधि नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु एकत्रित किए गए। नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार औषधि विश्लेषणशाला में परीक्षण हेतु भेजा जाएगा तथा परीक्षण परिणाम प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित स्टोर प्रभारियों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों को औषधियों के उचित भंडारण, तापमान के आवश्यक रख-रखाव, स्टॉक एवं क्रय-विक्रय अभिलेखों के समुचित संधारण, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के रख-रखाव तथा एक्सपायरी/निकट-एक्सपायरी औषधियों के पृथक्करण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स, 1945 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा औषधियों की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुरक्षा से संबंधित सभी वैधानिक आवश्यकताओं का पालन करने के निर्देश दिए गए।






