November 3, 2026

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम मे आज औषधि निरीक्षक, जनपद बागेश्वर पूजा रानी द्वारा गरुड़ क्षेत्र में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं मानक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा औषधियों के क्रय-विक्रय में वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराना रहा।निरीक्षण के दौरान औषधि प्रतिष्ठानों में उपलब्ध औषधियों की गुणवत्ता, वैध औषधि अनुज्ञप्ति (ड्रग लाइसेंस ), अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुपालन तथा औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों एवं बिलों का गहन परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त औषधियों की निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर, अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी ), एक्सपायर्ड औषधियों के पृथक रखरखाव तथा औषधियों के भंडारण की निर्धारित परिस्थितियों का भी सत्यापन किया गया।एच विशेष रूप से अनुसूची एच , H1  के अंतर्गत आने वाली औषधियों के विक्रय संबंधी प्रावधानों, चिकित्सकीय पर्चों एवं संबंधित रजिस्टरों का परीक्षण किया गया। साथ ही प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति, शीत श्रृंखला (कोल्ड चैन ) में रखी जाने वाली औषधियों के उचित रखरखाव, रेफ्रिजरेटर एवं तापमान नियंत्रण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

 

औषधि निरीक्षक द्वारा मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया गया कि औषधियों का क्रय-विक्रय केवल वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाए। बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के अनुसूचित औषधियों का विक्रय न किया जाए तथा एक्सपायर्ड, संदिग्ध अथवा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाई जाने वाली औषधियों को विक्रय हेतु उपलब्ध न रखा जाए। औषधियों के उचित भंडारण एवं गुणवत्ता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए।

औषधि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षित औषधि वितरण व्यवस्था एवं आम जनमानस के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा औषधि संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *