November 13, 2026

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

देहरादून। आज पुलिस लाइन, देहरादून में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड, वी. मुरुगेशन द्वारा प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के दुष्प्रभाव, अवैध नशा कारोबार एवं उसकी रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा नशे के सेवन एवं अवैध कारोबार से समाज और राष्ट्र पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी देते हुए युवाओं, परिवारों एवं सामाजिक व्यवस्था पर इसके नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया गया। साथ ही प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के विरुद्ध जागरूक एवं सक्रिय रहते हुए समाज में नशा उन्मूलन के लिए प्रभावी भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम) के महत्वपूर्ण प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान डिप्टी एसपी परवेज अली, एसटीएफ/एएनटीएफ द्वारा प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के अवैध कारोबार की जमीनी हकीकत, मादक पदार्थों की तस्करी के विभिन्न तरीकों तथा नशा तस्करों के विरुद्ध एसटीएफ/एएनटीएफ द्वारा की जाने वाली प्रभावी कार्रवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से निम्न बिन्दुओं पर जोर दिया गया

पुलिसकर्मियों को नशे के अवैध कारोबार की पहचान, तस्करी के तौर-तरीकों एवं नशा तस्करों के नेटवर्क के संबंध में सतर्क एवं सजग रहने की आवश्यकता बताई गई।

नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षु आरक्षियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर भविष्य में नशे के विरुद्ध प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई के साथ-साथ समाज में जन-जागरूकता एवं जनसहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

 

अंत में प्रशिक्षु आरक्षियों को भविष्य में पुलिस सेवा के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करते हुए नशे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा ‘नशामुक्त उत्तराखण्ड एवं नशामुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड वी. मुरुगेशन, पुलिस अधीक्षक देहात देहरादून, जया बलूनी, पुलिस उपाधीक्षक, एएनटीएफ./एसटीएफ. परवेज अली, क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश पंत एवं प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *