October 23, 2026

 

 

 

 

महिला संबंधी अपराधों में त्वरित व कड़ी कानूनी कार्रवाई को बताया प्राथमिकता

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

हरिद्वार/भगवानपुर। आज देहरादून से जनपद हरिद्वार के कस्बा भगवानपुर पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। उक्त अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

जनता दरबार के दौरान डॉ. मुरुगेशन द्वारा उपस्थित जन समूह से उनकी समस्याओं की जानकारी की गई तथा उक्त समस्याओं के निराकरण/ निस्तारण के लिए मातहत पुलिस ऑफिसर्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान नवनीत सिंह द्वारा मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में डॉ. मुरुगेशन द्वारा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित व कड़ी कानूनी कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताते हुए नशे की लत के कारण बढ़ रहे अपराधों को लेकर आमजन को आगाह किया। साथ ही नशा तस्करी पर लगाम लगाने व शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए आमजन से सहयोग मांगा।

झबरेड़ा क्षेत्र में दोपहिया व भारी वाहनों द्वारा स्कूल कॉलेजों के बाहर लापरवाही से चलने और प्रसार हॉर्न का इस्तेमाल करने की एक ग्रामीण के जरिए मिली शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए एडीजी डॉ. मुरुगेशन द्वारा संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेने तथा कार्रवाई कर ऐसे तत्वों / वाहन चालकों पर लगाम लगाने के सुस्पष्ट निर्देश दिए।

आमजन से यातायात नियमों के पालन सहित घरों व दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की अपील की गई ताकि चोरी की वारदातों को रोका जा सके।

उक्त अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर, क्षेत्राधिकारी रुड़की व हरिद्वार के देहात क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *