August 4, 2026

 

एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई

मेडिकल स्टोर संचालक के आवास, फ्लैट एवं वाहन से बरामद की गयी 200 बोतल कोडीन सिरप

पूछताछ में नशीले सिरप की आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई

गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत

ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड, दीपम सेठ के निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।

इसी क्रम में एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि विभाग एवं थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गोपनीय इनपुट प्राप्त हुए कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा, निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार, अपने आवास पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम द्वारा अभियुक्त के आवास, फ्लैट तथा उसके वैगनआर चार पहिया वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी कुल 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई।

अभियुक्त से उक्त कोडीन युक्त सिरप के क्रय-विक्रय एवं भंडारण संबंधी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले व्यक्तियों को उक्त सिरप फुटकर में बेचकर अवैध लाभ अर्जित करता था। बिना किसी वैध अभिलेख के कोडीन युक्त सिरप का अवैध भंडारण एवं विक्रय किए जाने के कारण अभियुक्त आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा, निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक है।

अभियुक्त के विरुद्ध थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूछताछ में प्रकाश में आए अन्य व्यक्तियों एवं आपूर्ति श्रृंखला की विस्तृत जांच की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त

आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा आयु : 23 वर्ष निवासी : आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार

बरामदगी
200 बोतल कोडीन युक्त सिरप (बिना वैध लाइसेंस एवं अभिलेख के)
01 वैगनार कार

जनता से अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड से संपर्क करें। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एसटीएफ/एएनटीएफ संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536

संयुक्त पुलिस टीम
निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा
औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी
औषधि निरीक्षक हरीश सिंह
उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी
उपनिरीक्षक समीप पांडे
मुख्य आरक्षी संदेश
आरक्षी रवि पंत
आरक्षी दीपक चंदोला
आरक्षी दीपक नेगी
आरक्षी प्रशांत चौहान
महिला आरक्षी सुल्ताना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *