
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
उधमसिंह नगर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक घटनाओं में त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देशों के क्रम में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर, मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
26 नवंबर 2026 की रात्रि में रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुँचा, जहाँ परिवार के लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
विवाद के दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य लोगों द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने चाकू से वार किए, जिससे लीलाधर, राहुल सहित अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। राहुल का उपचार किया गया।
घटना की सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
वादी जोहरी लाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। अब तक की विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से निम्नलिखित दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर
विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 13, दूधियानगर, रुद्रपुर
प्रकरण में अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी है तथा विवेचना एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
पुलिस की अपील
ऊधमसिंह नगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।







