
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
रुड़की। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रुड़की में स्पेस इंडिया की टीम की ओर से एस्ट्रो कार्निवल 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया से परिचित कराने के लिए कई रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें हाइड्रो रॉकेट लॉन्च, सौर अवलोकन, तारामंडल का अनुभव तथा ग्रहों और अंतरिक्ष से संबंधित जानकारी प्रमुख रूप से शामिल रही। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रॉकेट प्रक्षेपण की प्रक्रिया, सूर्य के अवलोकन और अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें प्रयोगों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित होती है।
एस्ट्रो कार्निवल के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में विज्ञान एवं अंतरिक्ष के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से भी परिचित कराया गया। कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर रुचिर गुप्ता, प्रधानाचार्य सुषमा नेगी, विद्यालय समन्वयक निधि जाखवाल, सीमा श्रीवास्तव, रिया भट्ट सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।





