
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
बागेश्वर। अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने तथा औषधि आपूर्ति प्रणाली में नियामकीय मानकों के अनुपालन के उद्देश्य से औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं उसके अंतर्गत निर्मित नियमों के प्रावधानों के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट, जनपद बागेश्वर स्थित औषधि भंडार का औषधि निरीक्षक, बागेश्वर पूजा रानी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ड्रग स्टोर में औषधियों के क्रय, भंडारण, वितरण एवं अभिलेख संधारण प्रणाली का विस्तृत परीक्षण किया गया। इसके अंतर्गत औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, क्रय अभिलेख, बैच संख्या एवं एक्सपायरी विवरण, तापमान नियंत्रण व्यवस्था, कोल्ड चेन प्रबंधन, औषधियों के उचित भंडारण की स्थिति एवं एक्सपायर्ड औषधियों के पृथक्करण आदि बिंदुओं का सत्यापन किया गया।
निरीक्षण का उद्देश्य औषधि भंडार में उपलब्ध औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, औषधि भंडारण में गुड स्टोरेज प्रैक्टिसस (जीएसपी) एवं नियामकीय दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा जनस्वास्थ्य हित में सुरक्षित एवं प्रभावी औषधियों की उपलब्धता बनाए रखना था।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए कुल 07 औषधि नमूने (ड्रग सैंपल) संकलित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण (क्वालिटी टेस्टिंग एंड एनालिसिस) हेतु राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है।
औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया की यह निरीक्षण औषधियों की गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं जनसामान्य को मानक गुणवत्ता वाली सुरक्षित एवं प्रभावी औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नियामकीय कार्रवाई है।






