September 19, 2026

 

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

पौड़ी। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ वी. मुरूगेशन द्वारा जनपद पौड़ी में कोतवाली कोटद्वार का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, जनशिकायत निस्तारण व्यवस्था, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया।

सलामी गार्द एवं थाना परिसर का निरीक्षण

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार कर गार्द का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत थाना परिसर का भ्रमण करते हुए मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष,साइबर सेल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का क्रमबद्ध निरीक्षण किया गया।

संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा कार्यकुशलता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

अभिलेखों एवं कार्यालय व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा

थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। अभिलेखों की अद्यतन स्थिति, प्रविष्टियों की गुणवत्ता एवं रिकॉर्ड प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेख एवं रजिस्टर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित, अद्यतन, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संधारित किए जाएं, ताकि आवश्यक सूचनाएं किसी भी समय त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकें।

डिजिटल सेवाओं एवं जनशिकायत निस्तारण पर विशेष जोर

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा सीसीटीएनएस पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य ऑनलाइन जनसेवा प्लेटफॉर्म पर दर्ज शिकायतों एवं प्रविष्टियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। लंबित विवेचना,प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रभारी निरीक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनशिकायतों के प्रति उत्तरदायी एवं परिणाममुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को प्राथमिकता

साइबर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ निरंतर जनजागरूकता को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश एवं लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी कॉल तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति नियमित रूप से जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता एवं एफआईआर पंजीकरण की कार्रवाई

गुमशुदगी के मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेने के साथ ही किसी व्यक्ति, महिला अथवा बच्चे के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही नियमानुसार तत्काल एफआईआर पंजीकृत कर बिना किसी विलंब के आवश्यक खोजबीन, सूचना प्रसार एवं वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ करने पर विशेष जोर दिया गया।

फरियादियों के प्रति संवेदनशील एवं पारदर्शी पुलिसिंग

थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं शिकायतकर्ता की समस्या को सम्मान, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनने के निर्देश दिए गए। शिकायतों का विधिवत अभिलेखीकरण सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता का नाम, पता, संपर्क विवरण एवं शिकायत का स्पष्ट विवरण दर्ज करने तथा प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

महिला सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता

महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, गोपनीयता एवं संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लिया जाए। महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाए रखने, पीड़ित महिलाओं को आवश्यक कानूनी सहायता, परामर्श एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *