
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं जिलाधिकारी बागेश्वर, अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के अनुपालन में जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं प्रभावी औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं उसके अंतर्गत निर्मित नियमों के अनुपालन के उद्देश्य से आज औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ के औषधि भंडार का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधियों की भंडारण व्यवस्था, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, स्टॉक प्रबंधन प्रणाली, अभिलेख संधारण, बैच-वार अनुरेखण, एक्सपायरी मॉनिटरिंग, ई औषधि पोर्टल एवं मंह प्रभावी औषधियो के भंडारण तथा औषधियों के सुरक्षित वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र, सीएचसी बैजनाथ का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें आवश्यक औषधियों की उपलब्धता, भंडारण परिस्थितियों, गुणवत्ता संरक्षण उपायों एवं लाभार्थियों को औषधियों के वितरण की प्रक्रिया का मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण अभियान के अंतर्गत बैजनाथ, गरुड़ एवं चौरसौं क्षेत्र में संचालित विभिन्न खुदरा एवं थोक औषधि प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का अनुपालन, भंडारण मानक, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, सी सी टी वी कैमरे की उपस्थिति तथा नियामकीय आवश्यकताओं की समीक्षा की गई।
एक औषधि प्रतिष्ठान में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत निर्मित नियमों से संबंधित अनियमितताएँ पाई गईं, पाई गई कमियों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित औषधि प्रतिष्ठान में औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। उक्त प्रतिष्ठान को निरीक्षण के दौरान इंगित की गई कमियों के संबंध में आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुपालन की संतोषजनक पुष्टि होने तक उक्त प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। साथ ही पांच मेडिकल स्टोरों को अनियमितताओ के क्रम में 7 दिन के भीतर स्पष्टीकरण एवं अनुपालन देने हेतु निर्देशित किया गया।
औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक अनुपालन प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी की जायेगी।
औषधि निरीक्षक बागेश्वर ने स्पष्ट किया कि औषधि विभाग, औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनस्वास्थ्य के हित में ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे तथा औषधि आपूर्ति श्रृंखला की अखंडता बनाए रखने हेतु किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर नियामकीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।






