September 17, 2026

 

 


अनियमितताएं पाए जाने पर कई सीएससी केंद्र सील, कंप्यूटर-लैपटॉप अभिरक्षा में लिए

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में संचालित जन सेवा केंद्रों (सीएससी) की कार्यप्रणाली, जनसुविधाओं तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। उप जिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न जन सेवा केंद्रों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन द्वारा मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया, जबकि कुछ केंद्रों से कंप्यूटर एवं लैपटॉप को अभिरक्षा में लिया गया।

औचक निरीक्षण के दौरान शादमान (सीएससी आईडी: 353233270019) के केंद्र पर अनियमितताएं पाए जाने पर केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। इसी प्रकार हनी रमन (सीएससी आईडी: 554776230016) के केंद्र को भी मौके पर सील किया गया। करन वर्मा (सीएससी आईडी: 626776760018) तथा प्राची कौशिक (सीएससी आईडी: 727124560013) के जन सेवा केंद्रों पर भी जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर दोनों केंद्रों को सील बंद कर दिया गया।

कंप्यूटर एवं लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर द्वारा शादमान, पूनम खन्ना तथा करन वर्मा के केंद्रों से सीपीयू को अभिरक्षा में लिया गया। इसके अतिरिक्त पारुल बंसल एवं प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी अभिरक्षा में लिए गए हैं।

*सीएससी आईडी निरस्त करने की संस्तुति*

निरीक्षण में पवन फर्स्वाण (सीएससी आईडी: 543342670011) के केंद्र पर पाई गई कमियों के संबंध में केंद्र की सीएससी आईडी निरस्त किए जाने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। वहीं पूनम खन्ना (सीएससी आईडी: 317574420015) के केंद्र पर पाई गई कमियों के संबंध में उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई है।

पारुल बंसल (सीएससी आईडी: 252619240013) के केंद्र पर पाई गई अनियमितता पर लैपटॉप अभिरक्षा में लिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सेवा केंद्र आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। आमजन की सुविधा से जुड़े इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी जन सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित केंद्र संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण अभियान के दौरान तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र सिंह सहित तहसील एवं पुलिस की टीम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *