
(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)
टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के तहत अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार ने जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न सड़कों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पैचवर्क और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता केएस नेगी सहित संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने डिवीजनों में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि जनपद में 54 सड़कों के कुल 530 किलोमीटर हिस्से पर पैचवर्क के लिए चिह्नित किया गया है। इसमें से 14 अक्टूबर की शाम तक 461 किलोमीटर सड़क पर कार्य पूरा हो चुका था। उन्होंने शेष कार्य जल्द पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में ऋषिकेश–उत्तरकाशी गंगोत्री मोटर मार्ग (एनएच-34), पौड़ी–देवप्रयाग–गजा–जाजल मोटर मार्ग, खाराखाल–कुड़ी–भौन–गुरियाली–रानीचौरी–डांडाचली–गजा–नकोट–पागरखाल राज्य मार्ग, रानीचौरी–बादशाहीथौल और चंबा–कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग सहित अन्य सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई।
एनएच-34 पर भद्रकाली से खाड़ी तक पैचवर्क किया जा चुका है। वहीं, किलोमीटर 12, नरेंद्रनगर बाईपास के दोनों जंक्शनों, आगराखाल बाजार और मुनि की रेती सहित कई स्थानों पर मरम्मत की जरूरत बताई गई। अधिकारियों को इन स्थानों पर आवश्यक कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए गए।
मुनिकीरेती बाईपास (नटराज–भद्रकाली) के 2.70 किलोमीटर हिस्से पर पैचवर्क किया गया है। कुंभ मेला-2027 को देखते हुए इस मार्ग पर डामरीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ऋषिकेश–गंगोत्री आंतरिक मोटर मार्ग पर सड़क की सतह कई जगह असमान पाई गई। सीवर लाइन बिछाने से प्रभावित हिस्सों में भी सुधार करने को कहा गया।
पौड़ी–देवप्रयाग–गजा–जाजल मोटर मार्ग पर खाड़ी से डाबराखाल तक पैचवर्क और झाड़ी कटान का कार्य किया गया है।
खाराखाल–पागरखाल राज्य मार्ग पर पैच मरम्मत की समीक्षा के दौरान स्पीड ब्रेकर पर निर्धारित मानकों के अनुसार थर्मोप्लास्टिक पेंट कराने के निर्देश दिए गए। किलोमीटर 4 पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि किलोमीटर 5 पर सीमेंट कंक्रीट काजवे के ऊपरी हिस्से में तत्काल पैचवर्क कराने को कहा गया।
रानीचौरी–बादशाहीथौल मोटर मार्ग के 2.80 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य पूरा और संतोषजनक पाया गया। वहीं, चंबा–कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग के किलोमीटर 0 से 12 तक मरम्मत कार्य जारी है।
अपर सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिह्नित स्थानों पर मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और नियमित निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता की जांच की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।






