October 4, 2026

 

 

प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

 

(अमित श्रीवास्तव, देहरादून)

ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, सुंदर स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जनपद ऊधमसिंह नगर विभिन्न प्रस्तावित और निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करद अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

ऊधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं का निरीक्षण समीक्षा

ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण करते हुए पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

किच्छा में आधुनिक बस अड्डे की सराहना

ग्राम खुर्पिया फार्म, किच्छा में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद बस अड्डे को 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

सितारगंज में पार्किंग और जनसुविधाओं को विस्तार

सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग कार्य शामिल हैं। सचिव ने अवशेष फिनिशिंग कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा- विकास का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे

आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। शहरों में सौंदर्यीकरण, हरितीकरण, पार्क, रोटरी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। ऊधमसिंह नगर में भी बस अड्डे, स्टेडियम और पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई है।

सचिव, आवास डॉ. आर राजेश कुमार के इस निरीक्षण में जय किशन, उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर, पंकज कुमार उपाध्याय, सचिव, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर, पी. के. दीक्षित, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग, ऊधमसिंह नगर, नरेन्द्र नवानी, परियोजना प्रबन्धक उत्तराखण्ड पेयजल निर्माण निगम, कैलाश डुंगवाल, सहायक अभियंता, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *