
बागेश्वर। अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड एवं जिला अधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावकारिता सुनिश्चित करने तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से आज औषधि निरीक्षक, बागेश्वर, सुश्री पूजा रानी द्वारा केंद्रीय औषधि भंडार, पशुपालन विभाग एवं औषधि भंडार, जिला पशु चिकित्सालय, बिलौना, बागेश्वर का विस्तृत नियामकीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पशु उपयोगार्थ औषधियों की भंडारण व्यवस्था, तापमान नियंत्रण, शीत श्रृंखला (कोल्ड चैन) का अनुरक्षण, स्टॉक रजिस्टर, प्राप्ति एवं निर्गमन अभिलेख, एक्सपायरी प्रबंधन, औषधियों की भौतिक स्थिति तथा गुड स्टोरेज प्रैक्टिसेज के अनुपालन का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उपलब्ध अभिलेख एवं भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रभारी अधिकारी को औषधि भंडार में उच्च स्तर की स्वच्छता एवं हाउसकीपिंग बनाए रखने, पशु उपयोगार्थ औषधियों का निर्माता द्वारा निर्दिष्ट भंडारण मानकों के अनुरूप सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने तथा आर्द्रता के प्रति संवेदनशील औषधियों को नियंत्रित एवं शुष्क वातावरण में पृथक रूप से संग्रहीत किए जाने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे उनकी गुणवत्ता, स्थायित्व (स्टेबिलिटी) एवं चिकित्सीय प्रभावकारिता अक्षुण्ण बनी रहे। साथ ही सभी वैधानिक अभिलेखों का अद्यतन संधारण एवं औषधि भंडारण संबंधी नियामकीय प्रावधानों का सतत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य शासकीय संस्थानों में गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं प्रभावी पशु औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा औषधि भंडारण एवं वितरण प्रणाली को नियामकीय मानकों के अनुरूप सुदृढ़ बनाए रखना है।







