April 25, 2026

 

सचिन कुर्वे, आयुक्त खाद्य

स्वच्छता और सुरक्षित भोजन पर जोर, 50 व्यवसायियों ने लिया प्रशिक्षण

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता, खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 की दी गई जानकारी

रुद्रप्रयाग। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मंडल द्वारा चार धाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए आज होटल एवं ढाबा संचालकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 40 से 50 होटल एवं ढाबा व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को हेल्थ हाइजीन, सेनिटेशन, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ खाना पकाने की विधियों तथा गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि चार धाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु प्रदेश में आते हैं, ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी व्यवसायियों को निर्देशित किया कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

कार्यशाला में यह भी बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी एक्सपायरी तिथि, साफ-सफाई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना अनिवार्य है। साथ ही, यात्रियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चार धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

 

*खाद्य विभाग की टीम ने खुला पनीर, हल्दी और खुले बिस्कुट के लिए सैंपल, जाँच के लिए भेजे*

आयुक्त खाद्य, सचिन कुर्वे के निर्देशानुसार केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खाद्य विभाग की टीम ने आज खुला पनीर, हल्दी और खुले बिस्कुट के सैंपल लिए गए जिन्हें जाँच के लिए लैब भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *